भोपाल के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में सुबह 6 बजे शुरू होगी साइकिल रैली; भारत के ओलंपिक सपने और फिटनेस का दिया जाएगा संदेश |
भोपाल। देशभर में रविवार, 29 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान का 100वां ऐतिहासिक संस्करण मनाया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, फिट इंडिया मूवमेंट, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के संयुक्त आयोजन में देश के 100 प्रतिष्ठित स्थलों पर एक साथ साइकिल रैली निकाली जाएगी। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुंबई के गिरगांव चौपाटी से इस आयोजन का नेतृत्व करेंगे। भोपाल में मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित होगा।
भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह पहल अब केवल साइकिल चलाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला जन आंदोलन बन चुकी है। उन्होंने नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं दो बार के ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद और 2012 ओलंपियन एवं एथलेटिक्स कोच राम सिंह ने भी फिटनेस और खेल संस्कृति के महत्व पर जोर दिया। प्रेस वार्ता में SAI के अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एल. नेहा देवी तथा पत्र सूचना कार्यालय के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इस वर्ष आयोजन की थीम “Pedalling Towards India’s Olympic Dream” रखी गई है। 100वां संस्करण ओलंपिक के तीन मूलभूत मूल्यों—उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री—को समर्पित है। इसका उद्देश्य नागरिकों को नियमित शारीरिक गतिविधि के लिए प्रेरित करने के साथ भारत के ओलंपिक सपने और भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के संकल्प को मजबूती देना है।
भोपाल में कार्यक्रम सुबह 6 बजे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में शुरू होगा। इसमें सामूहिक साइकिल रैली, फिटनेस गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खिलाड़ियों के साथ संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दिसंबर 2024 में शुरू हुई यह पहल अब देशभर में साप्ताहिक अभियान का रूप ले चुकी है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


