जशपुर के ग्राम जोकरी में सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव में हुए शामिल, बनकोम्बो में सामाजिक भवन और जोकरी में महतारी सदन बनेगा
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि चीक समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपरागत कौशल और सामाजिक एकजुटता छत्तीसगढ़ की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। समाज की परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री शनिवार को कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकरी में आयोजित प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत बनकोम्बो में चीक समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और ग्राम जोकरी में महतारी सदन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विभिन्न प्रांतों से आए समाज के पदाधिकारी और हजारों की संख्या में समाज के सदस्य शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चीक समाज ने वस्त्र निर्माण की अपनी प्राचीन परंपरा, मेहनत और हुनर से समाज की आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता मजबूत करने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि 13 दिसंबर को सरकार के तीन वर्ष पूरे होंगे। इस दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया गया है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 33 किस्तों में 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है। वहीं, नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जिससे 8 हजार से अधिक अधिकारियों को जोड़ा गया है।
किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं, ताकि किसानों को उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़े। उन्होंने बताया कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी नियमानुसार अंतर की राशि का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल दिलाना है। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली प्रदेश के विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने धार्मिक और सांस्कृतिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 10 हजार से अधिक बुजुर्गों को विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है। समाज की प्रगति से ही प्रदेश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है, इसलिए चीक समाज सहित सभी वर्गों की शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक लालउमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, चीक बड़ाईक महासभा के सत्यनारायण बड़ाईक, ग्राम पंचायत जोकरी की सरपंच मंजू भगत, पूर्व विधायक रोहित कुमार साय, उपेंद्र यादव सहित विभिन्न प्रांतों से आए सामाजिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों से एकजुट होकर शिक्षा, कौशल विकास और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


