संवैधानिक मूल्यों, मानवाधिकारों और कमजोर वर्गों के संरक्षण पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी, विद्यार्थियों को अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का किया आह्वान
रायपुर, 28 नवंबर 2026। मैट्स विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), नई दिल्ली के सहयोग से मानवाधिकार जागरूकता पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “मानवाधिकार जागरूकता, संवैधानिक मूल्य, संस्थागत उपचार एवं कमजोर वर्गों का संरक्षण” रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली की माननीय सदस्य श्रीमती विजया भारती सयानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती विजया भारती सयानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के साथ विश्वविद्यालय के इस महत्वपूर्ण सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मुख्य अतिथि श्रीमती विजया भारती सयानी ने अपने संबोधन में प्रत्येक नागरिक की गरिमा और अधिकारों की रक्षा में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

चार तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम के अंतर्गत चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने मानवाधिकारों के अलग-अलग पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। प्रथम सत्र में हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, रायपुर के विधि विभाग के प्रोफेसर एवं अधिष्ठाता डॉ. योगेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने ‘मानवाधिकार का परिचय’ विषय पर व्याख्यान देते हुए मानवाधिकारों के अर्थ, ऐतिहासिक विकास तथा भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों के साथ उनके संबंध को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया।
द्वितीय सत्र में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं वाणिज्यिक न्यायालय की अधिवक्ता तथा छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व उप महाधिवक्ता डॉ. वीणा नायर ने ‘भारत में मानवाधिकार संस्थाएँ’ विषय पर जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य मानवाधिकार आयोग तथा न्यायालयों की भूमिका और नागरिकों को न्याय दिलाने की संस्थागत व्यवस्था पर प्रकाश डाला।
तृतीय सत्र में छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव ने ‘महिलाओं एवं बच्चों के अधिकार’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
चतुर्थ सत्र में छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग के सहायक लोक अभियोजक श्री शुभम तोमर ने ‘कमजोर वर्गों के अधिकार’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जातियों एवं अनुसूचित जनजातियों के अधिकारों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
प्रमाण-पत्र वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रशिक्षण के दौरान सामने आए प्रमुख निष्कर्षों को प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा उन्हें प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अंत में औपचारिक आभार प्रदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, मुख्य अतिथि श्रीमती विजया भारती सयानी, कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव, सभी विषय विशेषज्ञों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों को मानवाधिकारों, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम ने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के संरक्षण तथा एक न्यायपूर्ण और संवेदनशील समाज के निर्माण का संदेश दिया।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


