बिलासपुर में श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक सम्मेलन में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और जनहित की भूमिका पर दिया जोर |
बिलासपुर। लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में 27 नवंबर को छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का वृहद प्रादेशिक सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने की। सम्मेलन को संबोधित करते हुए साव ने कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देते हैं। दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान का रास्ता तैयार करने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उप मुख्यमंत्री ने तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाचार के प्रकाशन या प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूरी है। संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी है। अपुष्ट जानकारी किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए समाचार प्रकाशित करने से पहले पूरी पड़ताल की जानी चाहिए। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दे उठाने वाले पत्रकारों के योगदान की सराहना की।

सम्मेलन में बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन का मुद्दा भी उठा। इस पर अरुण साव ने संघ के पदाधिकारियों से दोनों शहरों में उपयुक्त भूमि चिह्नित कर खसरा नंबर और राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर को आवेदन देने को कहा। उन्होंने भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया और भूमि मिलने के बाद भवन निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने में भी मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन हो चुका है तथा इन कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता आम नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं को प्रशासन के सामने रखने का सशक्त माध्यम है। तथ्यपरक तरीके से समस्याएं सामने आने पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ संवाद के जरिए समाधान निकालने में मदद मिलती है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार बीमा योजना लागू करने, पत्रकार सम्मान निधि के नियम सरल बनाने तथा आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की मांग रखी।
सम्मेलन में संघ के संयोजक राजेश मिश्रा, निर्मल सलूजा, रामाधार पटेल, मनोज मिश्रा, रवि शुक्ला, निर्मल शुक्ला, अरविंद शुक्ला, इरशाद अली, मोहित जायसवाल, डॉ. तिलक राम साहू, चंद्र प्रकाश सूर्या, राजेश सिंह सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष अनिल पवार ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


