पटना/बिहार
बिहार की राजनीति के सबसे प्रभावशाली कुनबे लालू परिवार के लिए साल 2026 का आगाज नई उम्मीदों के साथ हुआ है। आरजेडी से छह साल के निष्कासित और परिवार से दूर चल रहे तेज प्रताप यादव अचानक सात महीने के लंबे अंतराल के बाद अपनी मां राबड़ी देवी से मिलने पटना स्थित राबड़ी आवास पहुँचे। यह मुलाकात राबड़ी देवी के जन्मदिन के मौके पर हुई, जहां केक काटकर परिवार ने जन्मदिन मनाया। राबड़ी आवास पर हुई यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब तेज प्रताप यादव पार्टी और परिवार से अलग-थलग हैं। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है कि क्या यह मुलाकात तेज प्रताप यादव की RJD और परिवार में पुनः वापसी का रास्ता खोल सकती है।
अनुष्का विवाद और राजनीतिक चुनौतियाँ
तेज प्रताप और अनुष्का यादव की तस्वीरों के सार्वजनिक होने के बाद लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को घर और पार्टी से बाहर कर दिया था, जिसके बाद तेज प्रताप कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि वे दोबारा RJD में नहीं लौटेंगे। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि “मैं मर जाना पसंद करूंगा, लेकिन RJD में वापस नहीं जाऊंगा।” इसके बावजूद राबड़ी देवी से यह मुलाकात संकेत देती है कि पारिवारिक स्तर पर बर्फ पिघल सकती है। वरिष्ठ पत्रकार मनीष कुमार भारती का मानना है कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है और तेज प्रताप तथा तेजस्वी यादव दोनों को एक-दूसरे की जरूरत है। 2025 के विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव की पार्टी JJD 44 सीटों पर लड़ते हुए एक भी सीट नहीं जीत पाई, जबकि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में भी RJD को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में अगर तेजस्वी, तेज प्रताप को वापस लाते हैं तो इससे यादव वोट बैंक के बिखरने से बचाव हो सकता है और राजनीति में संतुलन बन सकता है।
राजनीतिक मजबूरियाँ और आगे की संभावनाएँ
पॉलिटिकल एनालिस्ट त्रिलोकी नाथ दुबे के मुताबिक चुनावी नतीजे साफ बताते हैं कि परिवार से अलग रहकर तेज प्रताप यादव के लिए स्वतंत्र राजनीतिक आधार बनाना बेहद कठिन है। RJD का कैडर काफी हद तक परिवार-केंद्रित है, ऐसे में परिवार से दूरी बनाए रखने पर संगठन का समर्थन मिलना मुश्किल है। राबड़ी आवास में हुई यह मुलाकात सिर्फ एक पारिवारिक घटना है या फिर RJD की राजनीति में किसी बड़े बदलाव का संकेत, इसका उत्तर आने वाले दिनों में तेज प्रताप और तेजस्वी यादव के अगले राजनीतिक कदम तय करेंगे।
ख़बरें और भी…


