रायपुर/छत्तीसगढ़
आज सुबह 11 बजे मंत्रालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक। विधानसभा सत्र की रूपरेखा, बजट से जुड़ी नीतियाँ, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और निवेश–रोजगार से जुड़े प्रस्ताव एजेंडे में।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज साय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक मंत्रालय स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में आयोजित की जा रही है। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के कार्यक्रमों पर चर्चा के साथ-साथ प्रशासनिक और नीतिगत फैसलों पर विचार होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, सरकार बजट में शामिल होने वाली नई योजनाओं, नीतियों और परियोजनाओं को अंतिम रूप देने की दिशा में कदम बढ़ा सकती है, ताकि विकास कार्यों को समयबद्ध गति मिल सके।
बैठक के एजेंडे में वित्त, अवसंरचना, कृषि, उद्योग और ऊर्जा जैसे प्रमुख विभागों से जुड़े प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। राज्य में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा के साथ निवेश आकर्षण, रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचा उन्नयन से जुड़े प्रस्तावों पर निर्णय लिए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि सरकार के विकास रोडमैप को मजबूती देने के लिए कुछ ठोस घोषणाएँ भी सामने आ सकती हैं।
पिछली साय कैबिनेट बैठक में 9 अहम निर्णयों पर मुहर लगी थी। मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए 10 जिलों में जिला स्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन हेतु 100 नए पदों को मंजूरी दी गई, वहीं पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत एसओजी के गठन के लिए 44 नए पद स्वीकृत हुए। इसके अलावा राज्य में फ्लाइट ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन की स्थापना का निर्णय लिया गया, जिससे पायलट प्रशिक्षण और विमानन क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही, छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-26 को मंजूरी देकर राज्य को नवाचार और निवेश का केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया।
ख़बरें और भी…


