रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले के लिए भारत और न्यूजीलैंड की टीमें रायपुर पहुंच चुकी हैं। दोनों टीमें दोपहर 2:10 बजे चार्टर्ड विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचीं। हालांकि, पिछले दिनों आयोजित वनडे मैच के दौरान जिस तरह का जबरदस्त उत्साह और भारी भीड़ देखने को मिली थी, वैसा माहौल इस बार नजर नहीं आया। भारतीय टीम होटल मैरियट में जबकि न्यूजीलैंड की टीम होटल हयात में ठहरेगी।
मैच आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने इस बार कई अहम बदलाव किए हैं। फर्स्ट इनिंग समाप्त होने के बाद स्टेडियम में किसी भी प्रकार की एंट्री नहीं दी जाएगी। पहले दर्शक दीर्घाओं में सीटों की नंबरिंग करने की योजना थी, लेकिन समय की कमी के कारण इसे फिलहाल टाल दिया गया है। अब दर्शकों को ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सीटें उपलब्ध कराई जाएंगी।
टिकट व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरती गई है। गुरुवार तक फिजिकल फॉर्मेट में टिकट रिडीम कराने की अंतिम तिथि निर्धारित थी, जिन दर्शकों ने समय पर टिकट रिडीम नहीं कराए हैं, उन्हें स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा। बच्चों के लिए खाने-पीने की सामग्री की अनुमति दी गई है, जबकि अन्य सामान प्रवेश द्वार पर जमा कराना होगा।
सुरक्षा के मद्देनज़र स्टेडियम के भीतर शराब, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, पानी की बोतल, टिफिन, वाद्ययंत्र, छाता, ब्लेड, डंडा, बैट, झंडा, चाकू, कांच का कंटेनर, हैंड बैग, सूटकेस, लेडीज बैग, हैंडीकैम, स्प्रे, पेन, पेंसिल, बॉल, लाउडहेलर, सीटी, हॉर्न, रेडियो एवं किसी भी प्रकार की भड़काऊ या संदिग्ध वस्तु ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
ख़बरे और भी…


