दुर्ग/छत्तीसगढ़
नये साल के पहले रविवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रेलवे में ट्रेन लाइटिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत अजय कुमार की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे जल्दी से दूसरी तरफ जाने के लिए खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक ट्रेन आगे बढ़ गई और वे दुर्घटना का शिकार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही अजय कुमार ट्रेन के पहियों के बीच पहुंचे, बिना किसी चेतावनी के मालगाड़ी चल पड़ी। ट्रेन के अचानक चलने से उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद रेल कर्मचारियों और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर दुर्ग और जीआरपी (GRP) दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को ट्रैक से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद दुर्ग के रेलकर्मियों में शोक की लहर छा गई है। वहीं जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या ट्रेन चलने से पहले कोई सिग्नल या हॉर्न दिया गया था, या फिर यह लापरवाही का मामला है।
खबरे और भी…


