गोंडाहूर थाने में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी, हथियारों और अन्य साथियों के ठिकानों की जुटाई जा रही जानकारी ।
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के मेंड्रा इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पांच सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनका एक साथी सुरक्षाबलों को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़े गए माओवादियों में चंदर, मंगलू और सनकी समेत पांच लोग शामिल बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद सभी को पूछताछ के लिए गोंडाहूर थाना ले जाया गया है।
हथियारों और नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों की टीम मेंड्रा क्षेत्र में माओवादियों की गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस पकड़े गए आरोपियों से इलाके में छिपाए गए हथियारों, माओवादी गतिविधियों और अन्य साथियों के ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हथियारों की बरामदगी को लेकर भी गहन पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।
फरार माओवादी की तलाश में जंगलों में सर्चिंग तेज
घेराबंदी के दौरान एक माओवादी के फरार होने के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की टीमें फरार माओवादी की तलाश में संभावित ठिकानों पर सर्चिंग कर रही हैं। हालांकि, पांच माओवादियों की गिरफ्तारी, फरार आरोपी और हथियारों की बरामदगी को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक पुष्टि का इंतजार।
ख़बरें और भी…


