कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक इमेजिंग तकनीकों से चिकित्सा क्षेत्र में आ रहे बदलावों पर मंथन, ग्रामीण क्षेत्रों में AI के उपयोग को बताया महत्वपूर्ण
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (IRIA) की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ किया। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) रोगों के निदान एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन ये चिकित्सकों के अनुभव, मानवीय संवेदनशीलता और शारीरिक परीक्षण का विकल्प नहीं हो सकतीं। उन्होंने कहा कि रेडियोलॉजी ने एक्स-रे से लेकर अल्ट्रासाउंड और एमआरआई जैसी अत्याधुनिक तकनीकों तक लंबा सफर तय किया है, जिससे रोगों की पहचान और उपचार अधिक प्रभावी हुआ है।
AI और आधुनिक तकनीक के साथ चिकित्सकीय अनुभव भी जरूरी
राज्यपाल रमेन डेका ने चिकित्सकों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदनशीलता के साथ करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे रहे हैं, लेकिन सटीक निदान के लिए चिकित्सक का अनुभव, सूक्ष्म अवलोकन और रोगी से संवाद बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का व्यवहार और मरीज के साथ विश्वासपूर्ण संवाद उपचार प्रक्रिया को प्रभावी बनाता है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट और AI आधारित तकनीकों के माध्यम से समय पर चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया जा सकता है, जो आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर भी जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर परामर्श लेने की अपील की।
देशभर के रेडियोलॉजिस्ट आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर कर रहे विचार-विमर्श
सम्मेलन में एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, आईआरआईए के अध्यक्ष डॉ. पुष्पराज भटले, छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र के. बूधे सहित वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट, फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित रहे। सम्मेलन में प्रदेशभर के रेडियोलॉजिस्ट रेडियोलॉजी एवं मेडिकल इमेजिंग के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधान, तकनीकी विकास और उपचार की आधुनिक पद्धतियों पर चर्चा कर रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजकों ने राज्यपाल के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। राज्यपाल ने चिकित्सकों से चिकित्सा सेवा में संवेदनशीलता, विश्वास और सेवा भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


