छत्तीसगढ़ के कोरबा SBI बाल्को शाखा में 93.60 लाख रुपये के कथित गबन मामले में तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा गिरफ्तार। ACB-EOW ने झारखंड के दुमका से पकड़ा, 3 दिसंबर तक पुलिस रिमांड।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब एक करोड़ रुपये के बैंक गबन के छह साल पुराने मामले में एसीबी और ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी की टीम ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाल्को शाखा, कोरबा में तत्कालीन मुख्य प्रबंधक रहे सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंक के विभिन्न खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपये अवैध रूप से पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है।
2018-19 में बाल्को शाखा में पदस्थ थे आरोपी
जांच के अनुसार, सुनील कुमार झा 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 तक एसबीआई की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ थे। इसी दौरान बैंक के विभिन्न खातों से कथित तौर पर 93,60,797 रुपये की राशि अवैध तरीके से दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई।
बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में रायपुर स्थित ईओडब्ल्यू-एसीबी मुख्यालय में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पत्नी और वाहन चालक के खातों में ट्रांसफर की गई रकम
बैंक की शिकायत और जांच में सामने आया कि कथित तौर पर बैंक के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते से रकम निकालकर आरोपी की पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और बैंक के अन्य खाताधारकों के खातों में जमा कराई गई। जांच एजेंसी ने संबंधित बैंक खातों के स्टेटमेंट, मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर जब्त किए हैं। जांच में पाया गया कि संबंधित वाउचर आरोपी द्वारा तैयार किए गए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना और भ्रष्टाचार से संबंधित अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं
मामले की विस्तृत विवेचना के दौरान एसीबी और ईओडब्ल्यू ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(ए) एवं 13(2) को भी शामिल किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने बैंक अधिकारी के रूप में मिली जिम्मेदारी का कथित दुरुपयोग कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
दुमका से गिरफ्तारी, 3 दिसंबर तक पुलिस रिमांड
लगातार पतासाजी और दबिश के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने आरोपी सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुमका की अदालत से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे छत्तीसगढ़ लाया गया।
इसके बाद आरोपी को कोरबा की संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने पूछताछ के लिए 3 दिसंबर 2026 तक पुलिस रिमांड मंजूर की है। फिलहाल एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच एजेंसी आरोपी से गबन की राशि के लेन-देन और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


