रायपुर/जशपुर/छत्तीसगढ़
जशपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अब आधुनिक तकनीक से जुड़ी शिक्षा मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कांसाबेल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में स्मार्ट क्लास रूम का शुभारंभ किया। इस महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत जिले के शासकीय विद्यालयों में कुल 206 इंटरएक्टिव पैनल लगाए जाएंगे, जिससे बच्चों को डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
इस परियोजना के लिए एसईसीएल द्वारा सीएसआर मद से 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिक्षा में तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के बच्चे भी शहरों के समान आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास रूम से पढ़ाई न केवल रोचक बनेगी, बल्कि विद्यार्थियों में नवाचार, जिज्ञासा और तकनीकी दक्षता का भी विकास होगा।
कार्यक्रम में विधायक श्रीमती गोमती साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जानकारी दी कि त्रिपक्षीय एमओयू के तहत जशपुर जिले के चयनित शासकीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से इंटरएक्टिव पैनल स्थापित किए जाएंगे। इन पैनलों के माध्यम से शिक्षक डिजिटल कंटेंट, वीडियो, प्रेजेंटेशन और ई-लर्निंग संसाधनों का उपयोग कर पढ़ाई को अधिक सरल और प्रभावी बना सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की पहल पर गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विगत माह जिला प्रशासन, एसईसीएल एवं ईडूसीआईएल के बीच त्रिपक्षीय एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस पहल से जशपुर जिले के सैकड़ों विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की उन्नत सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
खबरें और भी…


