रायपुर/ छत्तीसगढ़
राजधानी रायपुर में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ रायपुर द्वारा एक विशेष मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता सुबह 11:00 बजे सुभाष स्टेडियम, रायपुर में आयोजित होगी। आयोजन का उद्देश्य न्यायपालिका एवं अधिवक्ता समुदाय के बीच सहयोग, सौहार्द और आपसी सम्मान के संबंधों को और अधिक मजबूत करना है।
“बार और बेंच” के बीच सौहार्द का संदेश
यह मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता “बार और बेंच” के पारस्परिक सम्मान और सामंजस्यपूर्ण संबंधों को रेखांकित करेगी, जो एक स्वस्थ और सुदृढ़ न्यायिक व्यवस्था की आधारशिला मानी जाती है। खेल के माध्यम से न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं को न्यायालय की औपचारिक कार्यवाही से इतर एक-दूसरे से अनौपचारिक रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे आपसी आत्मीयता और संवाद को बढ़ावा मिलेगा।
न्यायाधीश और अधिवक्ता लगाएंगे चौके-छक्के:
जिला अधिवक्ता संघ के सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव अधिवक्ता परशराम कश्यप ने बताया कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य खेल भावना, टीम वर्क, अनुशासन और सद्भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं के बीच सकारात्मक संवाद का एक सार्थक मंच बनेगी।
संघ के पदाधिकारियों ने सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, उनके परिवारजनों, पत्रकार बंधुओं एवं शहरवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस मैत्रीपूर्ण वातावरण का हिस्सा बनें।
गणतंत्र दिवस पर साइकिल रैली का भी आयोजन
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में रायपुर में एक भव्य साइकिल रैली का भी आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ और ओडिशा सब एरिया (COSA) द्वारा स्पोर्ट्स एंथुसियास्टिक एसोसिएशन ऑफ रायपुर के सहयोग से आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों के साथ भारतीय सेना के जवानों ने भी सहभागिता की।
यह साइकिल रैली करेंसी टॉवर चौक, रायपुर से प्रारंभ होकर लगभग 40 किलोमीटर का सफर तय करते हुए नया रायपुर स्थित सेंध झील पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों, तिरंगे और जोश से भरे माहौल ने राजधानी को गणतंत्र दिवस के रंग में रंग दिया।
खबरें और भी…


