खरना के प्रसाद को माना जाता है छठी मैया का आशीर्वाद, मौन रहकर ग्रहण करने के पीछे छिपी है श्रद्धा, पवित्रता और एकाग्रता की मान्यता।
छठ महापर्व में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। चार दिवसीय इस पर्व के दूसरे दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को स्नान कर विधि-विधान से पूजा करते हैं। इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार खीर मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से बनाई जाती है। सबसे पहले सूर्य देव और छठी मैया को भोग लगाया जाता है, जिसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस दौरान व्रती मौन रहते हैं और किसी से बातचीत नहीं करते।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरना का प्रसाद सामान्य भोजन नहीं, बल्कि छठी मैया का आशीर्वाद माना जाता है। इसे ग्रहण करते समय मन को शांत और एकाग्र रखने की परंपरा है। माना जाता है कि बातचीत या दूसरी गतिविधियों में ध्यान लगाने के बजाय व्रती को पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण करना चाहिए। मौन रहने की यह परंपरा पूजा की पवित्रता, अनुशासन और आत्मसंयम का प्रतीक मानी जाती है। हालांकि, यह धार्मिक आस्था और परंपरा पर आधारित मान्यता है।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही छठ व्रत का सबसे कठिन चरण शुरू होता है। इसके बाद व्रती लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं। तीसरे दिन शाम को नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाता है। इसी कारण खरना को छठ महापर्व का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है, जहां से व्रती कठिन तपस्या और संयम के साथ पूजा के अगले चरण में प्रवेश करते हैं।
www.swatantrachhattisgarh.com


