स्वतंत्र छत्तीसगढ़ न्यूज़
महापौर मीनल चौबे ने आज जोन 4 5 और 7 का दौरा कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की । उन्होंने कहा कि शहर को राजधानी के अनुरूप स्वच्छ बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है । भाठागांव क्षेत्र में 15 दिनों से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन न होने पर जताई गहरी नाराजगी । दुकानदारों को डस्टबिन अनिवार्य रखने और कचरा फैलाने वालों पर जुर्माने के निर्देश दिए गए ।
रायपुर । राजधानी रायपुर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे अब स्वयं फील्ड में उतर गई हैं । उन्होंने जोन 4 5 और 7 का दौरा कर सफाई कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता किसी भी हालत में प्रभावित नहीं होनी चाहिए । महापौर ने इस अवसर पर कहा , “सफाई व्यवस्था को सुधारना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है । रायपुर को राजधानी शहर के अनुरूप स्वच्छ और सुंदर बनाना सभी की जिम्मेदारी है ।” उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से हर माह अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने और जनता से जुड़कर सफाई पर फीडबैक लेने की अपील की ।
वार्ड निरीक्षण और शपथ कार्यक्रम महापौर चौबे आज जोन 4 5 और 7 के निरीक्षण के दौरान पार्षदों और अधिकारियों से मिलीं । इस दौरान नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष , जोन अध्यक्ष , एमआईसी सदस्य , पार्षदगण , जोन कमिश्नर एवं रामकी कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे । महापौर ने सभी पार्षदों और अधिकारियों को ‘स्वच्छता शपथ’ दिलवाई और कहा कि हर वार्ड में स्वच्छता को अभियान के रूप में चलाया जाए ताकि रायपुर “स्वच्छ शहरों” की सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त करे ।
सफाई पर सख्त निर्देश महापौर ने कहा कि शहर के हर घर से शत-प्रतिशत डोर टू डोर कचरा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए । उन्होंने चेतावनी दी कि सफाई कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । “कचरा उठाने में किसी प्रकार की लापरवाही या बहानेबाजी अब नहीं चलेगी , हर दिन शहर का कचरा पूरी तरह उठाया जाना चाहिए , ” उन्होंने कहा । जोन 5 क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव में 15 दिनों से कचरा न उठाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए । साथ ही , उन्होंने दुकानदारों को डस्टबिन रखना अनिवार्य करने और बाजारों में कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने का आदेश दिया ।
बाजार और प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान महापौर ने शास्त्री बाजार , गोलबाजार और अन्य व्यावसायिक इलाकों की सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि रामकी कंपनी को कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी दी गई है , और यदि वे जिम्मेदारी नहीं निभाते , तो उन पर सख्त आर्थिक दंड लगाया जाएगा । उन्होंने पार्षदों को वार्डों में जनता के साथ संवाद बढ़ाने , सफाई कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और नालों , सड़कों व बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए ।
ख़बरें और भी…


