स्वतंत्र छत्तीसगढ़ न्यूज़
रिपोर्ट: आनंद गुप्ता जशपुर
भिंजपुर गांव में सुबह-सुबह उस वक्त मचा हड़कंप , जब एक बंद सूटकेस से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ । ग्रामीणों में दहशत का माहौल , पुलिस ने जांच के लिए बनाई विशेष टीमें ।
जशपुर/आनंद गुप्ता । दुलदुला थाना क्षेत्र के भिंजपुर गांव में रविवार की सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई । गांव के एक किनारे पड़े सूटकेस से अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया । लोगों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी और देखते ही देखते पूरा गांव भय और आक्रोश के माहौल में डूब गया ।

सूचना मिलते ही दुलदुला थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया । फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस ने इसे ब्लाइंड मर्डर केस मानते हुए जांच शुरू कर दी है ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार , प्रारंभिक जांच में शव को सूटकेस में भरकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है । घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है , ताकि संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की पहचान हो सके ।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं । “हम जल्द ही प्रेस विज्ञप्ति जारी करेंगे और मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी , ” स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी । “सुबह जब लोगों ने सूटकेस देखा तो किसी को अंदाजा नहीं था कि उसमें लाश हो सकती है , ” एक ग्रामीण ने बताया ।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है , जिसमें हत्या , लूट या व्यक्तिगत रंजिश जैसी संभावनाएं भी शामिल हैं । घटना ने पूरे इलाके में डर और असमंजस का माहौल पैदा कर दिया है ।
ख़बरें और भी…


