उज्जैन : 15 जुलाई 2025
सावन मास की शुरुआत के साथ उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देशभर से भक्त बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन इस पवित्र माहौल में कुछ लोग धार्मिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर मंदिर को मनोरंजन का मंच बना रहे हैं।
मंदिर परिसर में रील्स बनाना, डांस करना और अशोभनीय कपड़ों में फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सावन के पहले दिन एक कपल का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे मंदिर के शिखर के नीचे खड़े होकर कपल डांस करते नजर आए। वहीं, एक युवती ने मंदिर परिसर में अनुचित कपड़ों में खिंची तस्वीरें पोस्ट कर यह लिखा, “सावन के पहले दिन बाबा महाकाल के दर्शन किए।”
यह भी पढ़े : खंडवा में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, कलेक्टर व एसपी ने दी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह…
महाकाल मंदिर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है और ट्रस्ट ने इसके लिए लॉकर की सुविधा भी दी है, फिर भी कुछ लोग मोबाइल छिपाकर भीतर ले जा रहे हैं। हाल ही में एक युवती ने “मोबाइल छुपाकर कैसे अंदर ले जाएं” इस पर बाकायदा वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया, जो मंदिर नियमों का खुला उल्लंघन है।
इन घटनाओं पर वरिष्ठ पुजारी महेश शर्मा ने गहरी आपत्ति जताते हुए कहा, “मंदिर में रील बनाना सबसे बड़ा अधर्म है। युवतियों को विशेष रूप से अपने पहनावे और आचरण पर ध्यान देना चाहिए। मंदिर दर्शन और आत्मिक शुद्धि का स्थान है, ना कि प्रदर्शन का मंच।
उन्होंने यह भी कहा कि जब से मंदिरों का सौंदर्यीकरण और कॉरिडोर निर्माण हुआ है, तब से धार्मिक स्थलों की मर्यादा से खिलवाड़ बढ़ गया है। श्रद्धा की जगह अब लोग दिखावे के लिए आते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। पुजारियों और श्रद्धालुओं ने मंदिर ट्रस्ट से अनुरोध किया है कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई हो, मोबाइल जांच को और कड़ा किया जाए और धार्मिक मर्यादा भंग करने वालों पर प्रतिबंध लगे।
हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


