इंदौर : 15 जुलाई 2025
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत मध्यप्रदेश सरकार इंदौर के पितृ पर्वत से उज्जैन के चिंतामण गणेश मंदिर तक लगभग 50 किलोमीटर लंबी हाईस्पीड फोरलेन सड़क का निर्माण करने जा रही है। इस सड़क से इंदौर और उज्जैन के बीच एक वैकल्पिक रूट मिलेगा और यात्रा का समय एक घंटे से घटकर सिर्फ 30 मिनट रह जाएगा।
परियोजना के लिए इंदौर जिले के 19 और उज्जैन जिले के 6 गांवों की कुल 228 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जा रही है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया धारा 11 के तहत शुरू हो चुकी है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) अगस्त तक तैयार कर ली जाएगी, जिसे मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) बना रहा है।
फिलहाल सड़क मार्ग के लिए तेजी से सर्वे का कार्य जारी है जिसमें पेड़, निर्माण और जल संरचनाओं का आंकलन किया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया भी आने वाले 1-2 महीनों में पूरी कर ली जाएगी।
यह फोरलेन सड़क इंदौर के हातोद, अजनोद, खजुरिया, सुपर कॉरिडोर और चंद्रावतीगंज जैसे क्षेत्रों को सीधे जोड़ेगी। साथ ही उज्जैन का संपर्क पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र से भी मजबूत होगा। सरकार का फोकस सिंहस्थ के दौरान भीड़ प्रबंधन और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है। यह सड़क न केवल धार्मिक आयोजनों को सुगम बनाएगी बल्कि क्षेत्र के औद्योगिक विकास को भी गति देगी।
हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


