उज्जैन : 10 जुलाई 2025
श्रावण मास के पावन अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में देशभर से हजारों कावड़ यात्री दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष अब तक करीब 40 कावड़ यात्रा संघों ने मंदिर समिति से अग्रिम अनुमति प्राप्त कर ली है। यह सुविधा उन्हें मंदिर के गेट क्रमांक-4 से सीधे प्रवेश देती है, जिससे वे बिना लंबी कतार के सभामंडप तक पहुंचकर भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर सकते हैं।
विशेष व्यवस्था तीन दिन स्थगित
मंदिर समिति के अनुसार यह विशेष सुविधा सप्ताह में शनिवार से सोमवार और अन्य विशेष पर्वों पर भीड़ अधिक होने के कारण स्थगित रहती है। ऐसे दिनों में सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार में ही दर्शन की व्यवस्था रहती है।
आवेदन की दोहरी व्यवस्था
कावड़ संघों के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। आवेदन में संघ को उज्जैन आगमन की तारीख, समय, और कावड़ियों की संख्या का उल्लेख करना होता है। आवेदन मंदिर की वेबसाइट, ईमेल या डाक से भेजे जा सकते हैं।
100 से 5000 तक सदस्य वाले संघ
श्रावण में झारखंड, कोलकाता, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से कावड़ यात्री उज्जैन पहुंचते हैं। एक कावड़ संघ में 100 से 5000 तक यात्री हो सकते हैं। संघ के पदाधिकारी उज्जैन में पहले पहुंचकर भोजन, आवास व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हैं।
यह भी पढ़े : रतलाम रेल मंडल के 42 रेल कर्मचारी ‘रेल सेवा पुरस्कार 2024’ से सम्मानित…
सामान्य दर्शनार्थियों की अलग व्यवस्था
जिन कावड़ियों के पास अग्रिम अनुमति नहीं होती, उन्हें सामान्य दर्शनार्थियों की तरह फैसिलिटी सेंटर, महाकाल टनल और कार्तिकेय मंडपम मार्ग से दर्शन के लिए ले जाया जाता है। यहां वे जलाभिषेक कर मंदिर से बाहर निकलते हैं।
व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
मंदिर समिति के उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने बताया कि हर साल करीब 118 कावड़ संघ उज्जैन आते हैं, जिनमें से अधिकांश अग्रिम अनुमति लेते हैं। इस बार अब तक 40 से अधिक आवेदन मिल चुके हैं और आगे और भी आवेदन आने की संभावना है। समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित प्रवेश और दर्शन योजना तैयार की है।
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG हमारे फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/me हमारे यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


