रायपुर / छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कुत्ते को खाना खिलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। मंगलवार सुबह सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में शिव प्रसाद ध्रुव खाना खा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पास में मौजूद एक कुत्ते को खाना देना शुरू किया, जिसे लेकर ढाबे के रसोइए और उसके साथी से उनकी बहस हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस के अनुसार बहस के दौरान ढाबे के स्टाफ ने शिव प्रसाद ध्रुव पर हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें सीने पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद वे वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीने में आई चोट ही मौत का कारण हो सकती है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रसोइए समेत उसके साथी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ढाबे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
ख़बरें और भी…


