73 गांवों के लोगों को अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी पंजीयन सुविधा, प्रदेश का 121वां और धमतरी जिले का चौथा उप पंजीयक कार्यालय शुरू।
धमतरी। भखारा तहसील के 73 गांवों के नागरिकों को अब पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने भखारा में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त एवं पंजीयन मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह प्रदेश का 121वां और धमतरी जिले का चौथा उप पंजीयक कार्यालय है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को जमीन एवं संपत्ति पंजीयन संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
शुभारंभ के अवसर पर रायपुर निवासी कैलाश साहू ने पहला विक्रय विलेख पंजीयन कराया। इसके साथ ही नामांतरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई। विधायक अजय चंद्राकर ने उन्हें बी-1 और खसरा की प्रति प्रदान की। जिला पंजीयक आशु अग्रवाल ने बताया कि नए कार्यालय से नागरिकों के समय और श्रम की बचत होगी। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ख़बरें और भी…


