प्रति एकड़ ₹13,839 की आदान सहायता, फसल विविधीकरण और मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा; दलहन-तिलहन किसानों को भी एमएसपी का लाभ।
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नवाचार कर रही है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2023 से 2025 तक 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की समान आदान सहायता देने का प्रावधान है।
मंत्री ने बताया कि धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों की सहायता राशि 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की गई है। दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती के लिए 10 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता का प्रावधान है। इन फसलों के लिए 4.26 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। वहीं पीएम-आशा योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 29 जिलों के 273 केंद्रों पर दलहन-तिलहन की 3.72 लाख क्विंटल से अधिक खरीदी कर किसानों को 219.08 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
कृषि मंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कोदो, कुटकी और रागी का उपार्जन 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। उपार्जित मिलेट्स की आपूर्ति आंगनबाड़ियों, माध्यमिक शालाओं और विभिन्न संस्थाओं को भी की जाएगी। सरकार का उद्देश्य फसल विविधीकरण, श्री अन्न उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि तथा प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
ख़बरें और भी…


