कोरबा /छत्तीसगढ़
अखबार वितरक संघ का तृतीय प्रादेशिक सम्मेलन रविवार को संध्या 5 बजे भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोरबा विधायक एवं प्रदेश के केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने की। सम्मेलन में जिले सहित विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में वितरक सदस्य पहुंचे, वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष रामरक्षा सिंह और देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप प्रदान किया।

मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है और अखबार वितरकों के उत्थान के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने संघ के प्रदेश कार्यालय (वार्ड क्रमांक 15, न्यू पानी टंकी, टीपी नगर) के विकास हेतु बाथरूम, टॉयलेट एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि यह कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा और भविष्य में अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी सहयोग दिया जाएगा।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम क्षेत्र में अल्प कार्यकाल के बावजूद 800 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने अखबार वितरक संघ को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। सम्मेलन में महाराष्ट्र अखबार राज्य वृत्तपत्र विक्रेता संघटना के प्रदेश अध्यक्ष सुनील पाटनकर ने छत्तीसगढ़ में भी अखबार वितरक कल्याण मंडल के गठन की मांग उठाई और इसे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामरक्षा सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष पी.एस. चंदेल ने भी वितरकों की आर्थिक स्थिति, चुनौतियों और अधिकारों पर विस्तार से विचार रखे। श्रम विभाग द्वारा हितग्राही कार्ड बनाने हेतु कैम्प लगाया गया, वहीं आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा की टीम ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर उपस्थित लोगों का परीक्षण और दवा वितरण किया। इस दौरान आर्थिक रूप से कमजोर वितरक रामा (रामायण सिंह) को अतिथियों द्वारा सायकिल भेंट की गई, जिससे उनका चेहरा खुशी से खिल उठा।

सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और पत्रकारों का सम्मान किया गया। संस्कारम् टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया, वहीं महापौर ने टीम को स्वेच्छानुदान देने की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन करमजीत भगत ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू ने किया। बड़ी संख्या में उपस्थित सदस्यों की सहभागिता से सम्मेलन सफल एवं यादगार रहा।
यह भी पढ़ें;


