महासमुंद/ छत्तीसगढ़
गणतंत्र दिवस 2026 के आयोजन की तैयारियों के तहत आज स्थानीय मिनी स्टेडियम में गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुई। रिहर्सल सुबह 9.00 बजे प्रारंभ हुई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार की उपस्थिति रही।
पूर्वाभ्यास में रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप के नेतृत्व में पुलिस बल, नगर सैनिक, एनसीसी एवं एनएसएस की कुल 10 टुकड़ियों ने परेड कर सलामी दी। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान 6 स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत-संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी आज अंतिम रिहर्सल भी की गई।
मुख्य समारोह में 16 स्कूलों के लगभग 1000 छात्र-छात्राओं द्वारा एरोबिक्स, ज़ुम्बा एवं पीटी प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुत नाटिका “कहो नशे को अलविदा” विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अतिरिक्त 13 विभागों की जीवंत झांकियां निकाली जाएंगी।
समारोह के दौरान शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इन विभागों की निकलेगी जीवंत झांकी:
वन विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, आदिवासी विकास विभाग, पशुपालन विभाग, पीएचई, क्रेडा/विद्युत विभाग, कृषि विभाग एवं खाद्य विभाग।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री अक्षा गुप्ता, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जिले में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस पूरी गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय महासमुंद के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगी। जिला स्तरीय मुख्य समारोह प्रातः 9.00 बजे प्रारंभ होगा।
खबरें और भी…


