नवापारा (गोगांव)/रायपुर/छत्तीसगढ़
वैकुण्ठ एकादशी के पावन अवसर पर तिलक भारती ई.एम. स्कूल, गोगांव के प्रांगण में भक्ति और आध्यात्मिकता का एक अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रभात बेला में शुरू हुए कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हे-बच्चों ने अपने कोमल स्वर में विष्णु सहस्रनाम का सामूहिक पाठ किया। बच्चों द्वारा गूंजाए गए हर उच्चारण ने वातावरण को भक्ति-रस से सराबोर कर दिया और उपस्थित जनों के मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। विद्यालय परिसर में गूँजती स्तुति की स्वर-लहरियों ने सभी को एक दिव्य एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस तरह के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, अनुशासन और आध्यात्मिकता के संस्कारों का संचार करना है। शिक्षकगणों का कहना था कि सहस्रनाम पाठ न केवल भक्ति का प्रतीक है, बल्कि यह मन की एकाग्रता और आत्मिक शांति को भी बढ़ाता है। कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने भी अत्यंत उत्साह और समर्पण के साथ इस पावन पाठ में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी के कल्याण की कामना करते हुए यह संदेश दिया कि भारतीय परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ाव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। वैकुण्ठ एकादशी पर आयोजित यह भक्ति-कार्यक्रम लंबे समय तक विद्यार्थियों के जीवन में एक प्रेरणादायी स्मृति बनकर रहेगा।
खबरें और भी…


