
नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव, साथ में मंत्री केदार कश्यप और ओ.पी. चौधरी।
🔶 हाइलाइट :
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर में तैयारियों की समीक्षा बैठक ली।
- वन मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी रहे उपस्थित।
- राज्योत्सव और प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर विस्तृत समीक्षा।
- सुरक्षा, यातायात, वीवीआईपी सेक्टर और पार्किंग व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान।
राज्योत्सव और पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों को लेकर गहन समीक्षा
नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आज उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने राज्योत्सव तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित नवा रायपुर प्रवास की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में राज्योत्सव के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया गया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
“राज्योत्सव बने यादगार अवसर”—उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना का यह रजत जयंती वर्ष राज्य के लिए गर्व और उपलब्धियों का प्रतीक है। ऐसे में इस वर्ष का राज्योत्सव ऐतिहासिक और यादगार बने, इसके लिए किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पूर्व पूरी कर ली जाएं ताकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आगमन के अवसर पर प्रदेश की छवि नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
श्री साव ने कहा कि यह अवसर न केवल छत्तीसगढ़ की प्रगति का उत्सव है, बल्कि केंद्र और राज्य के सामंजस्य का भी प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव का हर आयोजन नागरिकों में गर्व और उत्साह का संचार करे, यही हमारा उद्देश्य है।
सुरक्षा, यातायात और वीवीआईपी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक में आयोजन स्थल की सेक्टरवार योजना, बैठक क्षमता, परिक्रमा पथ की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और पेयजल आपूर्ति जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वीवीआईपी क्षेत्र की सुरक्षा और आगंतुकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, रायपुर के कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य, नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
राज्योत्सव से प्रदेश को मिलेगी नई पहचान
राज्योत्सव के आयोजन को लेकर विभागीय तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनी और छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों की झांकी के माध्यम से राज्य की समृद्ध परंपरा और विकास यात्रा को दर्शाया जाएगा। प्रधानमंत्री के आगमन से यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान स्थापित करेगा।
ख़बरें और भी…


