स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर : 07 अक्टूबर 2025
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने शहर के सभी प्रमुख बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में शहर के लीड बैंक मैनेजर, विभिन्न बैंकों के लीगल हेड अधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में साइबर ठगी से बचाव और संदिग्ध बैंक खातों पर निगरानी को लेकर 12 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
एसएसपी ने कहा कि हाल के दिनों में डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर ठगी के कई मामले सामने आए हैं। ऐसे में बैंक अधिकारी किसी भी ट्रांजेक्शन को वेरिफिकेशन के बाद ही मंजूरी दें। उन्होंने यह भी कहा कि जो व्यक्ति बार-बार बैंक में खाता खुलवाने आ रहा है, उस पर विशेष निगरानी रखी जाए, क्योंकि यह म्यूल अकाउंट (संदिग्ध खातों) से जुड़ा मामला हो सकता है।
बैठक में CSP आजाद चौक ईशु अग्रवाल, DSP क्राइम संजय सिंह, CSP कोतवाली केशरी नंदन नायक, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन रमाकांत साहू, उप पुलिस अधीक्षक नरेश पटेल, निशिथ अग्रवाल, तथा लीड बैंक मैनेजर मोफिज मोहम्मद सहित विभिन्न बैंकों के लीगल हेड अधिकारी मौजूद थे।


