स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर। राजधानी रायपुर में विजयादशमी पर्व इस वर्ष भी धूमधाम और श्रद्धा-उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शहर के विभिन्न स्थलों पर होने वाले रावण दहन उत्सव को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु व दर्शक रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होंगे। भीड़ प्रबंधन और सुगम यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग और नगर निगम ने संयुक्त योजना बनाई है।
पांच प्रमुख स्थलों पर होगा रावण दहन
प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष राजधानी में रावण दहन का आयोजन पांच प्रमुख स्थलों पर किया जाएगा—
- डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी दशहरा मैदान
- रावणभाठा मैदान, भाठागांव
- बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर
- चौबे कॉलोनी दशहरा मैदान
- सप्रे शाला मैदान
इन स्थलों पर बड़े पैमाने पर भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अलग-अलग पार्किंग एरिया और प्रवेश मार्ग तय किए हैं, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी दशहरा मैदान
फाफाडीह की ओर से आने वाले दर्शक खमतराई ओवरब्रिज के नीचे से होकर मैदान तक पहुँचेंगे। वाहनों की पार्किंग कॉलोनी की गलियों और केंद्रीय विद्यालय के पास स्थित मैदान में होगी। वहीं खमतराई व उरकुरा से आने वाले लोग रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहन पार्क कर पैदल मैदान में प्रवेश करेंगे।
रावणभाठा मैदान, भाठागांव
यहां आने वाले दर्शकों के लिए रिंग रोड नंबर-1 स्थित बस स्टैंड प्रवेश मार्ग किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नेहरू नगर से आने वाले दर्शक अपने वाहन बस टर्मिनल के सामने खाली मैदान में पार्क कर पैदल दशहरा मैदान पहुँचेंगे।
बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर
रावण दहन कार्यक्रम हेतु पार्किंग कचना-खम्हारडीह मार्ग पर सुनिश्चित की गई है। दर्शकों को यहां सड़क किनारे वाहन खड़ा करने की अनुमति होगी। हालांकि शंकर नगर मुख्य मार्ग पर पार्किंग पूरी तरह निषेध रहेगी।
चौबे कॉलोनी दशहरा मैदान
जी.ई. रोड से चौबे कॉलोनी टर्निंग या अग्रसेन चौक से समता कॉलोनी होकर आने वाले दर्शकों को अपने वाहन कॉलोनी की संपर्क गलियों में पार्क करना होगा। मुख्य मार्ग पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
सप्रे शाला मैदान
सप्रे शाला में रावण दहन के लिए आने वाले दर्शकों के वाहन बूढ़ातालाब पार्किंग स्थल और गांधी मैदान में खड़े किए जाएंगे। इन दोनों पार्किंग स्थलों से लोगों को पैदल ही मैदान तक पहुँचना होगा।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन
पुलिस विभाग ने अनुमान जताया है कि इस वर्ष भी शहर व आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुँचेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन योजना लागू की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करें, जिससे त्योहार का आनंद सभी लोग सुरक्षित, व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण वातावरण में ले सकें।
खबरे और भी …


