स्वतंत्र छत्तीसगढ़/ भिलाई
भिलाई: 27 सितंबर 2025— छत्तीसगढ़ के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र को बड़ा तोहफ़ा मिला है। आईआईटी भिलाई के दूसरे चरण के निर्माण की आधारशिला शनिवार को रखी गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े, वहीं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और अहिवारी विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
भारत सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 2,257.55 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें से 1,092 करोड़ रुपये केवल परिसर निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संस्थान का क्षेत्रफल 1,51,343 वर्ग मीटर और बढ़ जाएगा। इस फेज-2 विस्तार में नए इंजीनियरिंग व विज्ञान विभाग, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, आईसीटी सक्षम व्याख्यान कक्ष और प्रोटोटाइप सुविधाओं का विकास होगा।
छात्र संख्या दोगुनी, रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे
वर्तमान में आईआईटी भिलाई में 1,500 छात्र अध्ययनरत हैं, जो निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद 3,000 तक पहुंच जाएंगे। इसके साथ ही 300 से अधिक फैकल्टी और ऑफिस स्टाफ की नियुक्ति होगी। परिसर में छात्रावास, मेस हॉल, इनडोर खेल परिसर, ओपन एयर थिएटर, कैंटीन, क्रिकेट, फुटबॉल व हॉकी मैदान, टेनिस कोर्ट, आवासीय भवन, स्वास्थ्य केंद्र और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी विकसित किए जाएंगे।
प्रदेश का पहला अनुसंधान पार्क
आईआईटी भिलाई में 96 करोड़ रुपये की लागत से अनुसंधान पार्क भी स्थापित होगा। यह छत्तीसगढ़ का पहला अनुसंधान पार्क होगा, जो उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देगा और अत्याधुनिक तकनीकी शोध का केंद्र बनेगा।
पीएम की सौगात
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने वाली बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग में 700 प्रोफेसरों की भर्ती की स्वीकृति भी मिल चुकी है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने आईआईटी भिलाई के साथ सात अन्य आईआईटी—पटना, इंदौर, जोधपुर, तिरुपति, पलक्कड़, धारवाड़ और जम्मू—के दूसरे चरण का भी उद्घाटन किया।
अक्टूबर 2028 तक पूरा होगा काम
आईआईटी भिलाई के डायरेक्टर प्रो. राजीव प्रकाश ने बताया कि इस विस्तार से संस्थान शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनेगा। परियोजना को अक्टूबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509 (विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :(99934-54909)


