NIT रायपुर और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल से कोसा सिल्क, आधुनिक बुनाई और उद्यमिता का मिलेगा प्रशिक्षण; 36 महीने में महिलाओं को ब्रांड मालिक और स्टार्टअप उद्यमी बनाने का लक्ष्य।
धमतरी। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं को तकनीक और उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ‘स्त्री’ (STREE) परियोजना की शुरुआत की गई है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग (DSIR) द्वारा प्रायोजित इस परियोजना पर 89.97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका क्रियान्वयन एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) द्वारा जिला प्रशासन धमतरी के सहयोग से किया जा रहा है। परियोजना के तहत अगले 36 महीनों में 300 ग्रामीण महिलाओं को कोसा सिल्क प्रसंस्करण, आधुनिक बुनाई, उत्पाद विकास और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक कोसा सिल्क और कृषि अपशिष्ट से तैयार होने वाले हस्तशिल्प को बाजार से जोड़कर महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करना है।
परियोजना के शुभारंभ के अवसर पर ग्रामीण महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के लिए एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें NITRRFIE के अधिकारियों मेधा सिंह, सुनील देवांगन, सौरभ लूथरा और हिमांशु चौरसिया ने ई-कॉमर्स, उत्पाद डिजाइन, फोटो संवर्धन और डिजिटल विज्ञापन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल को ग्रामीण उद्यमिता, स्टार्टअप विकास और ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा के अनुरूप बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ कौशल विकास को जोड़ने से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी और महिलाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा परियोजना प्रमुख अविनाश मिश्रा ने बताया कि शासकीय पॉलिटेक्निक रुद्री स्थित ‘स्त्री’ स्किल सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संगठित किया जाएगा। स्थानीय उत्पादों को GeM और ONDC जैसे राष्ट्रीय ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ने की भी योजना है। इससे ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बड़े बाजार तक पहुंच मिल सकेगी। परियोजना के अंतर्गत पारंपरिक कोसा शिल्प को आधुनिक जरूरतों और बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन.वी. रमना राव ने कहा कि NITRRFIE और इंडिया एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से पारंपरिक कला को आधुनिक तकनीक और उद्योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। परियोजना के प्रधान अन्वेषक एवं NITRRFIE के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. अनुज कुमार शुक्ला के अनुसार, मोटराइज्ड रीलिंग, इलेक्ट्रॉनिक जैक्वार्ड लूम, AI आधारित डिजाइन और व्यवस्थित लागत निर्धारण जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका लक्ष्य महिलाओं को केवल बुनकर के रूप में नहीं, बल्कि अपने उत्पादों की ब्रांड मालिक और स्टार्टअप उद्यमी के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम में आईआईएम रायपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजीव पराशर, धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, लक्ष्मी बया और शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य अमित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस पहल को NITRRFIE, DSIR, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के इंडिया एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, छत्तीसगढ़ शासन और एनआईटी रायपुर का सहयोग प्राप्त है। परियोजना से धमतरी की ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक हुनर के साथ आधुनिक तकनीकी दक्षता हासिल करने और अपने उत्पादों को व्यवसाय के रूप में स्थापित करने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


