जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग की तैयारी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने की संभावनाओं पर की बातचीत।
रायपुर। धान के कटोरे के रूप में पहचान रखने वाले छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कृषि उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा हुई। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक की। इसमें कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक कृषि राहुल देव और भारत के काउंसिल जनरल की अधिकारी आर्स निसार भी उपस्थित रहीं। बैठक में प्रदेश के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता और निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे पारंपरिक सुगंधित चावलों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने पर सहमति और सहयोग की संभावनाएं सामने आईं। फिरा बार्सिलोना संस्था ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर इन उत्पादों को वैश्विक व्यापार मंचों तक पहुंचाने में सहयोग की बात कही। उल्लेखनीय है कि जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को जीआई टैग प्राप्त है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी पहचान मजबूत होने से किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के अवसर मिल सकते हैं। बेहतर ब्रांडिंग, आधुनिक पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विपणन से पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण के साथ किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत स्तर पर प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बार्सिलोना में हुई यह चर्चा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। यदि अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों और यूरोपीय बाजारों में प्रदेश के उत्पादों को प्रभावी मंच मिलता है, तो छत्तीसगढ़ की कृषि विरासत को नई पहचान मिल सकती है। इससे कृषि आधारित उद्यमों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
ख़बरें और भी…


