बिलासपुर: 07 अगस्त 2025
छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने गुरुवार को बिलासपुर जिले का दौरा कर कानून व्यवस्था और पुलिसिंग की समीक्षा की। इस अवसर पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (आईपीएस), 2वीं बटालियन के कमांडेंट मनोज खिलाड़ी, विशेष शाखा की जोनल एसपी श्रीमती दीपमाला कश्यप, रेडियो एसपी श्रीमती पूजा कुमार सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।

एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, डिटेक्शन रेट, विजिबल पुलिसिंग और सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े कार्यों की विस्तारपूर्वक प्रजेंटेशन दी।
इन बिंदुओं पर विशेष जोर:
सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम ‘चेतना अभियान’ को और अधिक संस्थागत स्वरूप देने के निर्देश।
फिंगरप्रिंट सिस्टम NAFIS के अधिकतम उपयोग और प्रशिक्षण पर बल।
बीट सिस्टम को और प्रभावी बनाने, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य एवं ई-समन के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश।
पेंडिंग मामलों और वारंट की सघन मॉनिटरिंग कर शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर।
पुलिस वेलफेयर से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु समयबद्ध निर्णय पर निर्देश।
बैठक के दौरान सकरी बटालियन, रेडियो कार्यालय, हाईकोर्ट सुरक्षा, एयरपोर्ट सुरक्षा, विशेष आसूचना शाखा, अभियोजन कार्यालय एवं रेंज एमटी शाखा के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों से क्षेत्र में घटित अपराधों की सूचना पर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने, फरियादियों की तत्परता से सुनवाई करने, और अपराधों की जांच में तत्परता बरतने के लिए एक सुनिश्चित व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता के प्रति उत्तरदायी, संवेदनशील, और नियमों के प्रति समर्पित रहकर पुलिस की सकारात्मक छवि को और सशक्त करें।


