इंदौर : 11 जुलाई 2025
इंदौर में जिला प्रशासन ने स्कूल-कॉलेजों और होस्टलों में फूड सेफ्टी अभियान को तेज कर दिया है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले छात्रों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। बीते दो दिनों में 7 बड़े स्कूलों से कुल 63 खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भोपाल स्थित लैब में भेजा गया है।
यह कदम 4 जुलाई को हुई जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक के बाद उठाया गया, जिसमें कलेक्टर आशीष सिंह ने फूड सेफ्टी टीम को निरीक्षण तेज करने के निर्देश दिए थे। अभियान की मॉनिटरिंग एडीएम गौरव बैनल कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान किचन और कैंटीन क्षेत्रों की स्वच्छता, खाद्य सामग्री का भंडारण, कर्मचारियों की सफाई, कीट नियंत्रण व्यवस्था और पानी की गुणवत्ता की जांच की गई। अधिकांश स्थानों पर सफाई संतोषजनक रही, लेकिन कई स्कूलों में दस्तावेजों की खामियां पाई गईं। इनमें खाद्य लाइसेंस की वैधता समाप्त होना, या खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड अधूरे होना शामिल है।
यह भी पढ़े : मस्जिद गए फर्नीचर व्यापारी के घर में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात…
प्रशासन ने सभी संस्थानों को 15 दिन की समयसीमा दी है ताकि वे पाई गई खामियों को सुधार सकें। निर्देश दिए गए हैं कि सभी खाद्य सामग्री लाइसेंसी विक्रेताओं से खरीदी जाए, पानी की नियमित जांच प्रमाणित लैब से करवाई जाए और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
समयसीमा पूरी होने के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। यदि फिर भी कमियां पाई गईं तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि छात्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG हमारे फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/me हमारे यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


