HomeRAIGARHरायगढ़ में आज मनाया जाएगा शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की स्मृति में...

Date:

रायगढ़ में आज मनाया जाएगा शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की स्मृति में ‘शौर्य दिवस’, 40 शहीद परिवारों का होगा सम्मान…

श्रद्धांजलि सभा, चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव के साथ सैनिक स्कूल और NDA में चयनित विद्यार्थियों को भी मिलेगा सम्मान; सुबह से शाम तक होंगे विभिन्न आयोजन।

रायगढ़। देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की स्मृति में आज 13 नवंबर को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा ‘शौर्य दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। वर्ष 2021 में इसी दिन मणिपुर में हुए आतंकी हमले में 46 असम राइफल्स के तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनुजा, पुत्र अबीर और चार जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद शहीद के माता-पिता सुभाष एवं आशा त्रिपाठी ने अपने बेटे, बहू और पोते की स्मृति को जीवंत रखने के साथ देशभक्ति और सैन्य सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना की। ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष शहीद की जयंती और शहादत दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 13 नवंबर को श्रद्धांजलि, बच्चों के लिए रचनात्मक प्रतियोगिताओं और शहीद परिवारों के सम्मान का आयोजन किया जा रहा है।

शौर्य दिवस के सुबह के सत्र की शुरुआत मिनी स्टेडियम में स्थापित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर होगी। इसके बाद सर्किट हाउस रोड स्थित पुष्प वाटिका बाल उद्यान में स्थापित बाल शहीद अबीर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। सुबह 9 बजे से कमला नेहरू गार्डन में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव आयोजित होगा। चित्रकला प्रतियोगिता में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को शामिल होने का आग्रह किया गया है। इस आयोजन में राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 28वीं बटालियन एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, पूर्व सैनिक संगठन सहित दिव्य शक्ति, अग्रसेन सेवा संघ, काव्य वाटिका, स्पंदन, जेसीआई, बजरंग दल, संस्कार पब्लिक स्कूल, प्रेस क्लब, इप्टा, प्रगतिशील लेखक संघ, बैंकर्स एसोसिएशन (रिटा.), कहानीबाज़ थियेटर सोसायटी और गुड़ी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान सहित अनेक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

शौर्य दिवस का मुख्य सम्मान समारोह शाम 6:30 बजे से आयोजित होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ से भारतीय सेना में शहीद हुए 40 जवानों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 2025 में ट्रस्ट ने रायगढ़ जिले के 14 शहीद परिवारों को सम्मानित किया था। इस वर्ष सम्मान का दायरा बढ़ाकर पूरे छत्तीसगढ़ के 40 शहीद परिवारों तक किया गया है। इसी समारोह में वर्ष 2025 और 2026 के दौरान प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर सैनिक स्कूल तथा भारतीय रक्षा अकादमी (NDA) में प्रवेश पाने वाले जिले के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। यदि किसी कारणवश चयनित विद्यार्थी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो उनके माता-पिता सम्मान ग्रहण कर सकेंगे। ट्रस्ट का यह आयोजन शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने के साथ नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सैन्य सेवा के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

ख़बरें और भी…

हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

स्वतंत्र छत्तीसगढ़
स्वतंत्र छत्तीसगढ़https://swatantrachhattisgarh.com
(संपादक) इस साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री ( समाचार / फोटो / विडियो आदि ) शामिल होगी । स्वतंत्र छत्तीसगढ़ इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। स्वतंत्र छत्तीसगढ़ में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता / खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, स्वतंत्र छत्तीसगढ़ या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी. सभी विवादों का न्याय क्षेत्र रायपुर होगा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related