कमीशन के लालच में 5 से 15 हजार रुपये लेकर देते थे बैंक खाते, पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड; जामुल व पद्मनाभपुर पुलिस तथा ACCU की संयुक्त कार्रवाई।
दुर्ग/भिलाई : दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना जामुल, थाना पद्मनाभपुर और ACCU की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन लेकर अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और छिपाने के लिए किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, थाना जामुल के अपराध क्रमांक 522/2026 में तीन खाताधारकों तथा थाना पद्मनाभपुर के अपराध क्रमांक 439/2026 में नौ खाताधारकों और दो एजेंटों सहित कुल 14 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। संबंधित खातों में लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई है। आरोपियों में मनोज यादव, प्रदीप कुमार, अक्षय राज, महेश महानंद, उपेन्द्र सिंह, संतोष कुमार सोनी, कुंदन कुमार, सुमित कुमार सिंह, लोकेश बघेल, मोहन मांझी, अंकित डोगरे, आशुतोष तांडी, हेमा सिन्हा और सरस्वती ठाकुर शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 318(3) एवं 317(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कमीशन या पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक अथवा सिम किसी अन्य व्यक्ति को न दें, क्योंकि ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
ख़बरें और भी…


