माफीनामा नहीं मिलने तक सह प्रभारी की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे प्रेस क्लब के सदस्य, भाजपा संगठन को ज्ञापन सौंपकर रखी मांग।
सारंगढ़। भाजपा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। 9 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। घटनाक्रम की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार जब वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे, तभी उनके मोबाइल फोन बंद कराने और छीनने की कोशिश किए जाने का आरोप सामने आया है। पत्रकारों का आरोप है कि भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार के कहने पर कुछ लोगों ने उनके मोबाइल फोन बंद कराने और छीनने का प्रयास किया। घटना के बाद जिला प्रेस क्लब ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे पत्रकारों की स्वतंत्रता और पेशेगत दायित्वों से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
मामले को लेकर जिला प्रेस क्लब ने भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल सहित प्रदेश स्तर पर प्रदेश संगठन महामंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से जिला भाजपा सह प्रभारी विद्यावती सिदार से पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के समक्ष लिखित माफीनामा प्रस्तुत कराने की मांग की गई है। प्रेस क्लब का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रम में पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए घटनाक्रम की कवरेज कर रहे थे। ऐसे में उनके काम में हस्तक्षेप और कथित दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। प्रेस क्लब की बैठक में घटना की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया है कि जब तक विद्यावती सिदार लिखित माफीनामा प्रस्तुत नहीं करतीं, तब तक क्लब के सदस्य उनकी मौजूदगी वाले जिले के राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे।

प्रेस क्लब ने अपने ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा एवं भाजपा संगठन मंत्री को भी भेजी है। साथ ही भाजपा संगठन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित संगठनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। अब इस मामले में भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया और जिला प्रेस क्लब की मांग पर उठाए जाने वाले कदमों पर नजर रहेगी। फिलहाल पत्रकारों ने अपनी मांग पूरी होने तक विद्यावती सिदार की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखने का निर्णय लिया है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


