महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की अध्यक्षता में हुई चर्चा, कर्मचारी कल्याण और लंबित मुद्दों के समाधान पर प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन ।
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ओबीसी कर्मचारी एसोसिएशन (SECROBCEA) और रेलवे प्रशासन के बीच दो दिवसीय अनौपचारिक बैठक महाप्रबंधक कार्यालय, बिलासपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने की, जबकि समन्वय की जिम्मेदारी प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी (PCPO) श्रीमती दर्शिता अहलूवालिया ने निभाई। बैठक में नागपुर, रायपुर और बिलासपुर मंडलों के जोनल एवं मंडलीय पदाधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों और संगठन की ओर से प्रस्तुत मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कर्मचारी कल्याण और लंबित समस्याओं पर हुई चर्चा ।
बैठक में कर्मचारी कल्याण, कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं और लंबे समय से लंबित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की जायज मांगों और समस्याओं को रेलवे प्रशासन के समक्ष रखा। प्रशासन ने इन मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित निराकरण का आश्वासन दिया। बैठक का उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और समन्वय को मजबूत करना रहा। दोनों पक्षों के बीच विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई, जिससे कर्मचारियों से जुड़े विषयों को प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का अवसर मिला।

महाप्रबंधक ने एसोसिएशन की रचनात्मक भूमिका को सराहा ।
महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने कर्मचारियों की जायज समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और रेलवे प्रशासन तथा कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में SECROBCEA की रचनात्मक भूमिका की सराहना की। उन्होंने कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर संवाद की महत्ता को भी रेखांकित किया। एसोसिएशन ने बैठक को सकारात्मक और सार्थक बताते हुए कर्मचारी कल्याण एवं अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। संगठन को उम्मीद है कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन की ओर से आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
खबरें और भी…


