रायखेड़ा में मजदूरों और सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद के बाद बिगड़ी स्थिति, सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़; अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
हेडलाइंस
- रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में शराब बिक्री को लेकर विवाद
- मजदूरों के बीच विवाद के बाद पथराव से बिगड़ी स्थिति
- रायखेड़ा सरपंच की गाड़ी के कांच टूटे
- मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हुआ पथराव
- खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी
- स्थिति नियंत्रित करने अतिरिक्त पुलिस बल किया गया तैनात
रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में शराब बेचने के विवाद को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा और पथराव होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री परिसर में शराब बेचने से मना करने को लेकर मजदूरों और सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान बिहारी और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच भी झड़प की स्थिति बनी। वहीं गांव में शराब बिक्री का ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे। पथराव में उनकी गाड़ी के कांच टूट गए।
मामले की सूचना मिलने पर खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पथराव के दौरान थाना प्रभारी को भी चोट आई है। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि प्लांट में मजदूरों और सुरक्षा गार्डों के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और विवाद के कारणों तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।


