रायपुर / छत्तीसगढ़
ऑनलाइन ट्रांसफर का वादा, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मुख्य बिंदु
डीएसपी से 5 लाख रुपये की ठगी
10 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर का दिया गया लालच
अधिवक्ता समेत 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
सिविल लाइन थाना पुलिस कर रही जांच
आरोपियों का अब तक नहीं मिला सुराग
रायपुर: ठगी के नए-नए तरीके अपनाकर अपराधी लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। इस बार मामला थोड़ा अलग है, जहां ऑनलाइन या साइबर ठगी नहीं बल्कि सीधे नकद लेन-देन के जरिए एक डीएसपी को ही ठगों ने अपना शिकार बना लिया। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डीएसपी पुनदास अंचल से 5 लाख रुपये की ठगी कर ली गई है। पीड़ित अधिकारी ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जांच में जुटी पुलिस
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, डीएसपी की पहचान करीब दो साल पहले एक व्यक्ति से हुई थी, जिसने खुद को अधिवक्ता और फाइनेंस कारोबारी बताया था। भरोसे में लेकर आरोपी ने डीएसपी को 5 लाख रुपये नकद देने पर 10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने का झांसा दिया। लेकिन रकम ट्रांसफर नहीं हुई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने अधिवक्ता समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बार-बार स्थान बदलकर किया भ्रमित
घटना 25 जून की बताई जा रही है। आरोपी ने पहले कमल विहार स्थित एक स्थान पर बुलाया, फिर अपने साथियों के नहीं आने का बहाना बनाकर जगह बदलता रहा। बाद में अभनपुर रोड और फिर रात में कटोरा तालाब इलाके में मिलने के लिए बुलाया। इस दौरान आरोपी लगातार डीएसपी को अलग-अलग जगहों पर घुमाते रहे।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
रात करीब 9 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ डीएसपी की कार में बैठकर एक मैदान पहुंचे। वहां कुछ अन्य लोगों को बुलाकर आपस में विवाद का माहौल बनाया गया। इसी दौरान डीएसपी कार से बाहर निकल गए। जब वे वापस लौटे और सूटकेस खोला, तो उसमें रखे 5 लाख रुपये गायब थे। आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
खबरें और भी…


