रायपुर /छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ आज तेज़ी से विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नक्सलवाद, जो कभी प्रदेश के लिए बड़ी चुनौती था, अब समाप्ति की ओर है और हर क्षेत्र में विकास कार्य तेज़ी से हो रहे हैं। वे जशपुर जिले के कोतबा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले को कुल 51.73 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें कोतबा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन, तहसील लिंक कोर्ट, रेस्ट हाउस, इंडोर स्टेडियम, जल आवर्धन योजना के लिए अतिरिक्त राशि, कोकियाखार में सामुदायिक भवन तथा बागबहार में सप्ताह में एक दिन एसडीएम (लिंक कोर्ट) की घोषणा शामिल है। साथ ही 4.37 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन और 9.85 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना व प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियां पूरी की जा चुकी हैं, जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के लिए लगभग 3 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 750 सड़कों को मंजूरी मिली है। कार्यक्रम में खेल प्रतिभाओं और मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
ख़बरें और भी…


