रायपुर /छत्तीसगढ़
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत रायपुर में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सम्मान समारोह आयोजित। मुख्यमंत्री ने स्वयं हेलमेट पहनकर स्कूटी चलाकर दिया संदेश। 12 नए बस मार्गों का शुभारंभ और पंडरी में आधुनिक लाइसेंस सेंटर का भूमिपूजन।
जन जागरूकता से बदलेगा सड़क सुरक्षा का परिदृश्य
राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे सशक्त माध्यम जन जागरूकता है। यातायात नियमों के प्रति सजगता ही अनमोल मानव जीवन की रक्षा कर सकती है। मुख्यमंत्री ने स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक चालकों के दल के साथ स्कूटी चलाकर नागरिकों को सड़क सुरक्षा का व्यवहारिक संदेश दिया।
नई पहलें, नई सुविधाएँ और सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत प्रदेश के 12 नए मार्गों पर 12 बसों का शुभारंभ किया गया। साथ ही रायपुर के पंडरी में आधुनिक लाइसेंस सेंटर कार्यालय भवन का भूमिपूजन भी हुआ। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा में योगदान देने वाले राहगीरों, पुलिस मितानों, चिकित्सकों, यातायात पुलिस कर्मियों और स्वयंसेवी संगठनों को सम्मानित करते हुए कहा कि इनकी भूमिका आपात परिस्थितियों में जीवन रक्षक सिद्ध होती है।
हेलमेट, सीट बेल्ट और जिम्मेदार ड्राइविंग पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हेड इंजरी सबसे बड़ा कारण होती है, इसलिए दुपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से अपनाई जानी चाहिए। परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया, जबकि सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने हेलमेट को अनिवार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। समारोह में स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों की सड़क सुरक्षा विषयक प्रदर्शनी की भी सराहना की गई।
ख़बरें और भी…


