स्पोर्टस/छत्तीसगढ़
हाइलाइट बॉक्स रांची में पहला वन डे जीतने के बाद टीम इंडिया जब रायपुर पहुंची तो एयरपोर्ट से लेकर होटल तक फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला । भारी सुरक्षा , उमड़ती भीड़ , बच्चों का प्यार और टिकटों की बढ़ती मांग—रायपुर में 3 दिसंबर को होने वाला दूसरा वन डे अब पूरे प्रदेश की धड़कन बन चुका है ।
रायपुर रांची में पहला वन डे जीतते ही टीम इंडिया का मनोबल आसमान पर पहुंच गया और यही उत्साह लेकर खिलाड़ी जब रायपुर पहुंचे तो फैंस ने उनका शानदार स्वागत किया । स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर जैसे ही टीम की फ्लाइट लैंड हुई , बाहर पहले से इकट्ठा हजारों फैंस ने तालियों और नारों से खिलाड़ियों का अभिवादन किया । छत्तीसगढ़िया अंदाज में पारंपरिक स्वागत हुआ , ढोल की थाप और ‘जोहार’ की गूंज ने माहौल में अलग ही ऊर्जा भर दी । सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि एयरपोर्ट के बाहर CRPF और स्थानीय पुलिस के जवान तैनात रहे , ताकि भीड़ पर काबू रखा जा सके और खिलाड़ियों का सफर सुचारू रहे ।
टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका दोनों टीमों को एयरपोर्ट से सीधा उनकी बसों में बैठाकर होटल रवाना किया गया । फैंस में उत्साह इतना था कि कुछ ने कहा— “खिलाड़ियों को कुछ सेकंड के लिए ही सही , लेकिन देखने का मौका मिल गया तो इंतजार सफल हो गया ।” कई फैंस ऑटोग्राफ मांगते रह गए , पर सुरक्षा कारणों से खिलाड़ियों को रुकने का अवसर नहीं मिला । फिर भी प्रशंसक निराश नहीं दिखे । उनका कहना था कि 3 दिसंबर को वे पूरे जोश से स्टेडियम में टीम इंडिया को चीयर करेंगे ।
इस बीच एक बच्चे की बनाई विराट कोहली की ड्राइंग पूरे एयरपोर्ट पर चर्चा का विषय बन गई । बच्चे की इच्छा थी कि वह अपनी कलाकृति कोहली को भेंट करे , लेकिन भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के कारण ऐसा नहीं हो पाया । बच्चे ने मुस्कुराते हुए कहा— “कोहली भैया तक मेरी ड्राइंग नहीं पहुंच पाई , लेकिन मैं मैच में जरूर पहुंचूंगा ।”
मैच को लेकर टिकटों की मांग भी लगातार बढ़ रही है । कुछ फैंस ने टिकट ब्लैक में बेचे जाने की शिकायत की है , हालांकि प्रशासन ने ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है । फिर भी रोमांच चरम पर है । शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाला डे-नाइट मुकाबला रायपुर को एक बार फिर क्रिकेट का हॉटस्पॉट बना देगा ।
ख़बरें और भी…


