स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल डेस्क
हाइलाइट : दुर्ग जिला अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान हुआ बड़ा हादसा । ओटी टेबल पर ही दो महिलाओं की तबीयत अचानक बिगड़ी । डॉक्टरों ने दवा रिएक्शन को बताया संभावित कारण । परिजनों में मचा हाहाकार , जांच के आदेश दिए गए ।
दुर्ग : जिला अस्पताल दुर्ग में नसबंदी सर्जरी के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है । शुक्रवार को नसबंदी ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई । परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है , वहीं स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं ।
सर्जरी टीम की प्रमुख डॉ. उज्जवला देवांगन ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान ओटी टेबल पर ही दोनों महिलाओं को झटके और शरीर में अकड़न होने लगी थी । स्थिति बिगड़ते ही स्टाफ ने तुरंत दोनों को 200 मीटर दूर स्थित आईसीयू में शिफ्ट किया । सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज के अनुसार , बजरंग नगर निवासी 27 वर्षीय पूजा यादव ने आईसीयू में ही दम तोड़ दिया । जबकि सिकोला भाटा निवासी 30 वर्षीय किरण यादव को परिजन निजी सेंटर ले जाने की तैयारी में थे , तभी उनकी भी सांसें थम गईं ।
डॉ. मिंज ने बताया कि प्राथमिक जांच में दोनों की मौत का संभावित कारण सर्जरी के दौरान दी गई किसी दवा का रिएक्शन हो सकता है । उन्होंने कहा , “हमने सभी सैंपल सुरक्षित रख लिए हैं , ताकि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच में सही कारण स्पष्ट हो सके ।” डॉ. उज्जवला देवांगन ने भी यही आशंका जताई कि मौतें संभवतः दवा रिएक्शन के चलते हुई हैं ।
घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई । परिजनों ने रोते-बिलखते हुए अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगा । एक परिजन ने कहा , “सुबह दोनों महिलाएं बिल्कुल स्वस्थ थीं , हमने खुद उन्हें भर्ती कराया था , कुछ ही घंटों में उनकी लाशें मिलीं , यह कैसे संभव है ?”
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे । बताया गया कि अस्पताल प्रबंधन ने पूरी सर्जिकल प्रक्रिया से जुड़ी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है । फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ।
ख़बरें और भी…


