रायपुर/छत्तीसगढ़
हाइलाइट बॉक्स:
13 से 15 फरवरी तक रोपाखार जलाशय के पास मैनपाट महोत्सव का आयोजन • लोकगीत, नृत्य और बॉलीवुड गायन का संगम • पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा मंच • एडवेंचर, फूड ज़ोन और विकास प्रदर्शनी रहेंगी आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री करेंगे महोत्सव का उद्घाटन
छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ और ‘छोटा तिब्बत’ के नाम से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 फरवरी से तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव की शुरुआत होने जा रही है। रोपाखार जलाशय के समीप आयोजित इस भव्य महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे, जबकि उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल करेंगे। राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव मैनपाट की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
लोकसंस्कृति और संगीत से सजी शामें
मैनपाट महोत्सव में लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 13 फरवरी को भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे, वहीं छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के प्रसिद्ध छऊ नृत्य कलाकार दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। 14 फरवरी की शाम छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार की सुरीली आवाज से सजेगी। 15 फरवरी को महोत्सव का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर होंगी। साथ ही रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव की प्रस्तुतियां भी होंगी। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक झलक इस आयोजन को और भी आत्मीय बनाएगी।
पर्यटन, विकास और स्वाद का संगम
जिला प्रशासन ने महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। महोत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जा रही है, जहां शासन की योजनाओं के साथ-साथ स्थानीय उत्पाद, टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प प्रदर्शित होंगे। पर्यटकों के लिए बोटिंग, साहसिक खेल, पारंपरिक दंगल जैसी एडवेंचर गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। फूड ज़ोन में सरगुजा अंचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर, 3,781 फीट की ऊंचाई पर स्थित मैनपाट अपने तिब्बती मठ, जलजली, उल्टा पानी, टाइगर पॉइंट और सरभंजा जलप्रपात जैसे प्राकृतिक चमत्कारों के लिए जाना जाता है, जो महोत्सव के दौरान पर्यटकों को एक यादगार अनुभव देंगे।


