रायपुर / स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल डेस्क
हाइलाइट :
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर में होंगे शामिल
- सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य और ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे
- शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – “यह दौरा छत्तीसगढ़ के आत्मविश्वास और नवाचार का प्रतीक बनेगा”
छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर पीएम मोदी का दौरा – विकास यात्रा के 25 वर्षों का उत्सव
छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ यानी रजत जयंती मना रहा है, और इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को राज्य के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में शामिल होंगे और सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य तथा ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स X’ पर पोस्ट किया – “जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ अपनी विकास यात्रा के 25 वर्ष पूरे कर रहा है। इस अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर राज्य की प्रगति में भागीदार बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात होगी।”
नई परियोजनाओं से जुड़ेगा विकास का अगला अध्याय
प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 2:30 बजे रजत महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचेंगे। इस दौरान वे सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय के उद्घाटन का भी अवसर मिलेगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जन्मजात हृदय रोग से मुक्त हुए करीब ढाई हजार बच्चों से भी मिलेंगे और ब्रह्माकुमारी संस्थान के “शांति शिखर” परिसर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा – “यह छत्तीसगढ़ के गौरव का क्षण”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री के आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर छत्तीसगढ़ के गौरवशाली 25 वर्षों का उत्सव है। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा – “रजत जयंती महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आगमन हम सभी के लिए प्रेरणा और नव ऊर्जा का क्षण बनेगा। यह अवसर ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के संकल्प को नई गति देने वाला है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और विकास की नई परिभाषा लिख रहा है। यह दौरा न केवल विधायी व्यवस्था के नए युग की शुरुआत का प्रतीक बनेगा, बल्कि यह राज्य की जनभावनाओं, राष्ट्रभक्ति और सहभागी विकास की भावना को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
छत्तीसगढ़ का गौरव और नई दिशा
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक नेतृत्व में “प्रभु श्रीराम का ननिहाल – छत्तीसगढ़” आज नवाचार, सुशासन और समृद्धि का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य की विकास यात्रा में ऐतिहासिक मील का पत्थर सिद्ध होगा और पूरे प्रदेश में आत्मविश्वास और जनसहभागिता की नई लहर पैदा करेगा।
ख़बरें और भी…


