राजनांदगांव/ स्वतंत्र छत्तीसगढ़
राजनांदगांव। इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। मामला शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, राजनांदगांव का है, जहां ग्राम रीवागहन निवासी दौपदी साहू को 24 सितंबर को भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनका बच्चेदानी का ऑपरेशन किया था। इसके बाद महिला को टांका खुलवाने के लिए 6 अक्टूबर की दोपहर करीब 3.50 बजे फिर से भर्ती किया गया।
बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान 9 अक्टूबर को महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से चर्चा की और तत्काल जांच शुरू करवाई। स्वास्थ्य विभाग ने उसी दिन विशेषज्ञों की पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की, जिसे सात दिनों के भीतर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को जिला स्तरीय जांच दल ने शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचकर गायनिक ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया और कल्चर जांच के लिए सैंपल लिया। इन सैंपलों को आगे की जांच के लिए एम्स रायपुर भेजा जाएगा।
विभाग ने सैंपल लेने के बाद एहतियातन गायनिक ऑपरेशन थियेटर को आगामी आदेश तक सील कर दिया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी…फॉलो करना न भूलें।


