नई दिल्ली। टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने इतिहास रच दिया है। फोर्ब्स के रियल-टाइम बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, मस्क की कुल संपत्ति ने बुधवार को 500 अरब अमेरिकी डॉलर (यानी आधा ट्रिलियन डॉलर) का आंकड़ा छू लिया। वह दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं जिनकी नेटवर्थ इस स्तर तक पहुँची है।
हालाँकि, यह रिकॉर्ड कुछ समय के लिए ही रहा। मस्क की संपत्ति 500.1 अरब डॉलर तक गई, लेकिन बाद में थोड़ी घटकर 499 अरब डॉलर से ऊपर रह गई। विशेषज्ञों का कहना है कि यह उतार-चढ़ाव बाज़ार की स्थितियों पर निर्भर करता है, लेकिन इतना तय है कि मस्क ने संपत्ति के मामले में वैश्विक स्तर पर एक नई मिसाल कायम की है।
यह भी पढ़ें : अब एक ही दिन में होगा चेक क्लियर, 4 अक्टूबर से लागू होगी RBI की नई गाइडलाइन…
इस अभूतपूर्व उछाल के पीछे टेस्ला के शेयरों का बढ़ता मूल्यांकन और उनकी अन्य कंपनियों की सफलता मानी जा रही है। खासतौर पर स्पेसएक्स (SpaceX) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप xAI की तेज़ प्रगति ने मस्क की संपत्ति में बड़ा योगदान दिया है।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह उपलब्धि मस्क को उनके वैश्विक तकनीकी प्रतिद्वंद्वियों से और आगे ले जाती है। यह स्थिति न सिर्फ उन्हें दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति बनाए रखती है, बल्कि उनकी कंपनियों को भी भविष्य की तकनीक और इनोवेशन के अग्रणी पायदान पर स्थापित करती है।


