गरियाबंद: 26 अगस्त 2025
ओडिसी परंपरा का प्रभाव छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिलों में आज भी गहराई से देखने को मिलता है। इसी परंपरा के अनुरूप गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र के 150 से अधिक गांवों में नवाखाई पर्व बड़े उत्साह और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। इस बार नवाखाई का मुहूर्त गुरुवार, 28 अगस्त को पड़ रहा है। पर्व को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
नवाखाई शब्द नवा + खाई से बना है, जिसका अर्थ है नया अन्न या नया भोजन। गणेश चतुर्थी के अगले दिन मनाए जाने वाला यह पर्व पश्चिमी ओडिशा का सबसे बड़ा सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्सव माना जाता है। रिवाज के अनुसार, नए अनाज का प्रथम भोग इष्ट देव को अर्पित किया जाता है और फिर परिवार के सभी सदस्य एक साथ प्रसाद ग्रहण करते हैं। यह पर्व अन्न एवं अन्नदाता के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर भी है।
पिछले पांच दिनों में देवभोग और आसपास के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखी गई। दो दर्जन से अधिक दुकानों में करीब 5 से 6 करोड़ रुपए के कपड़ों की बिक्री हो चुकी है। विशेष रूप से महिलाओं में सूरत के डोरा शिल्क और संबलपुरी साड़ियों की भारी मांग रही। सामान्य दिनों में बाजारों में साधारण खरीदारी होती है, लेकिन नवाखाई से जुड़े इलाकों में ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है।
गौरतलब है कि परंपरागत रूप से किसान अपने खेतों से धान की बालियां लेकर आते थे। लेकिन इस बार अगस्त महीने में नए धान की बालियों की कमी होने से ओडिशा के खेतों से बालियां मंगाकर देवभोग के बाजार में बेची गईं। इन्हीं बालियों से चावल निकालकर चिवड़ा बनाया जाएगा, जिसे नवाखाई पर इष्ट देव को अर्पित किया जाएगा।
देवभोग क्षेत्र के ग्रामीण नए कपड़े और नए अन्न के साथ इस पारंपरिक पर्व को मनाने की तैयारियों में जुटे हैं। हर ओर उत्साह और आनंद का वातावरण है। बाजारों से लेकर गांवों तक नवाखाई की तैयारियां पूरे जोश से चल रही हैं।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


