गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : 25 जुलाई 2025
इलाके में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज बारिश के चलते नदियों और नालों में उफान आ गया है, वहीं निर्माणाधीन नेशनल हाईवे 45 के डायवर्शन में तीन जगहों पर पुल बह जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इससे छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच संपर्क भी बाधित हो गया है। केवची गांव के पास कौवा नाला पर बना डायवर्शन पुल बह गया, जिससे अमरकंटक, डिंडोरी और जबलपुर जैसे स्थानों का संपर्क जीपीएम जिले से टूट गया है। गांव में रातभर की बारिश से पानी भर गया है और संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
ग्राम पंचायत केवची के सरपंच ने बताया कि,“रात को बारिश के कारण पुल टूट गए। पूरे गांव में पानी भर गया है। अगर गांव में कोई बीमार पड़ता है तो अस्पताल कैसे ले जाएंगे? शिक्षक कैसे आएंगे? हमने कलेक्टर को सूचना दी है, लेकिन अब तक कोई राहत नहीं पहुंची है।
यह भी पढ़ें;राशिफल: 25 जुलाई 2025;जाने कैसा रहेगा आपके लिए आज का दिन …
गौरेला से पतेराटोला जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे अंडर ब्रिज में भी भारी जलभराव हो गया है। लोगों ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया लेकिन कई मोटरसाइकिलें पानी में बंद हो गईं, जिससे लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा। भदौरा गांव के पास पुलिया पर पानी बहने से सेमरा से खोडरी जाने वाले मार्ग पर यातायात बाधित है। इसी प्रकार केवची के पास एक और पुल टूटने से गांव के अंदर पानी भर गया है और जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते आम लोगों को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अमरकंटक से रायपुर जा रहे एक राहगीर ने बताया, “बीच रास्ते में पता चला कि नाला टूट गया है। 3-4 घंटे से परेशान हैं। कोई सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। लंबा रास्ता पकड़ना पड़ा।”
तुमसर से बांधगढ़ दवाई लेने निकले ग्रामीण राधेश्याम ने बताया,“हम डेढ़ घंटे से रास्ते में फंसे हुए हैं। कोई मदद नहीं मिल रही है। काफी परेशानी हो रही है।” स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन और ठेका कंपनी को दी गई थी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बावजूद न तो कोई अधिकारी पहुंचा और न ही किसी प्रकार का राहत कार्य शुरू किया गया। जीपीएम जिले के कई इलाकों में संपर्क टूटने से आपातकालीन स्थिति जैसी स्थिति बन गई है। प्रशासन को तत्काल राहत कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त पुलों और डायवर्शन की मरम्मत करनी चाहिए, ताकि लोगों को आवागमन में और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच में कोई बाधा न हो।
हमारे व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर :https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG क्लिक करें| हमारा वेबसाईट : www.swatantrachhattisgarh.com


