रायपुर: 20 मई 2025
छत्तीसगढ़ में आबकारी घोटाले को लेकर आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार तड़के से ही राज्यभर में एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। EOW की यह छापेमारी रायपुर, दुर्ग-भिलाई, धमतरी, बिलासपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में 20 से 25 स्थानों पर की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घोटाले से जुड़े कई आबकारी विभाग के अधिकारी और व्यापारियों के घर व कार्यालयों पर EOW ने छापे मारे हैं। जांच एजेंसियों के इस समन्वित ऑपरेशन ने प्रदेश में खलबली मचा दी है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई करोड़ों रुपये के आबकारी घोटाले से जुड़ी है, जिसमें अवैध वसूली, कमीशनखोरी और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं।
भिलाई में अशोक अग्रवाल के घर ACB की रेड
इसी क्रम में इस्पात नगरी भिलाई में भी बड़ी कार्रवाई हुई है। यहां आम्रपाली कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड में स्थित स्टील उद्योगपति अशोक अग्रवाल के निवास पर ACB की टीम ने सुबह 4 बजे से रेकी के बाद छापा मारा। कार्रवाई के दौरान चार गाड़ियों में अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद थे। अशोक अग्रवाल का संबंध स्टील इंडस्ट्री से बताया जा रहा है और उनके खिलाफ अवैध लेनदेन और आबकारी विभाग से मिलीभगत के आरोपों की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंक डिटेल्स को कब्जे में लिया गया है। जांच एजेंसियों द्वारा इस पूरे मामले में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें;मुंबई/पुणे से विशेष रिपोर्ट: फिर से दस्तक दे रहा है कोरोना – कितना तैयार है महाराष्ट्र ?
कई अधिकारियों पर गिर सकती है गाज:
इस छापेमारी के बाद माना जा रहा है कि EOW जल्द ही घोटाले से जुड़े कुछ वरिष्ठ अधिकारियों और कारोबारियों को पूछताछ के लिए नोटिस भेज सकती है। वहीं, आबकारी विभाग में लंबे समय से चली आ रही अनियमितताओं को लेकर सरकार भी सख्त रुख अपना सकती है।
ख़बरें और भी… https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q दिए गए लिंक पर क्लिक हमसे जुड़ें और अपने आस पास की ख़ास ख़बरों के प्रकाशन के लिए 99934-54909 पर संपर्क कर सकतें हैं


